झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली, दादा-दादी और मासूम पोते की दर्दनाक मौत

Share

खेत की रखवाली करते समय हुआ हादसा, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में पसरा मातम
चित्तौड़गढ़, 7 जुलाई:
जिले के कनेरा थाना क्षेत्र के लुनखन्दा गांव में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में बनी झोपड़ी पर बिजली गिरने से दादा, दादी और उनके मासूम पोते की मौके पर ही जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कनेरा थाना पुलिस के एएसआई महेंद्र कुमार जाट ने बताया कि बद्रीलाल मीणा, उनकी पत्नी चंद्रीबाई तथा उनका पोता विशाल गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपुरा-सुखानंदजी मार्ग स्थित अपने खेत में फसल की रखवाली के लिए गए थे। तीनों खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे थे। देर रात तेज हवाओं, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर आ गिरी। बिजली का झटका इतना भीषण था कि तीनों की घटनास्थल पर ही झुलसकर मौत हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर दौड़े बेटे-बहू
हादसे के समय बद्रीलाल का बेटा और बहू पास ही दूसरी झोपड़ी में सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर वे घबराकर बाहर निकले और जब माता-पिता की झोपड़ी तक पहुंचे तो भीतर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। तीनों के शरीर झुलस चुके थे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
घायलों को तत्काल कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के एक साथ काल का ग्रास बनने से गांव में मातम पसरा हुआ है।

ओगणा में दो इंच बारिश, उदयपुर संभाग में आज भी ऑरेंज अलर्ट


उदयपुर, 7 जुलाई:
उदयपुर जिले में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में ओगणा क्षेत्र में करीब दो इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि मंगलवार सुबह शहर के कोर्ट चौराहा, अस्पताल मार्ग और शास्त्री सर्किल सहित कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 9 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार की तुलना में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आई है, जिससे सुबह-शाम मौसम सुहावना महसूस हो रहा है।