शटडाउन के बाद भी करंट आने का आरोप, कई घंटे फैक्ट्री में पड़ा रहा शव; 12 लाख की सहायता पर समझौता
चित्तौड़गढ़, 30 अगस्त: गंगरार रीको क्षेत्र स्थित सरोज मार्बल फैक्ट्री में फॉल्ट ठीक करने पहुंचे बिजली विभाग के लाइनमैन ओमप्रकाश मेनारिया (45) की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 11 और 33 केवी लाइन का शटडाउन लेने के बावजूद सोलर सिस्टम से रिटर्न करंट आने के कारण हादसा हुआ। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से बिजली विभाग को तत्काल सूचना नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है।
परिजनों के अनुसार शनिवार दोपहर फैक्ट्री में बिजली का फॉल्ट हुआ था। पहले एक कर्मचारी करंट की चपेट में आया। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई। लाइनमैन ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और 11 व 33 केवी लाइन का शटडाउन लेकर फॉल्ट ठीक करने लगे। इसी दौरान करीब 3:15 बजे वह करंट की चपेट में आ गए।
ट्रांसफार्मर के पास मिला शव
शाम तक लाइन चालू नहीं होने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ओमप्रकाश को फोन किया। संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे। बाहर उनकी बाइक मिली और अंदर ट्रांसफार्मर के पास शव पड़ा मिला। रविवार को परिजनों और बिजली कर्मचारियों ने जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया। कार्रवाई की मांग पर कई दौर की बातचीत हुई। फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। समझौते में रीको इंडस्ट्रियल एरिया की ओर से परिवार को 12 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने तथा पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति, बीमा सहित सरकारी लाभ दिलाने पर सहमति बनी। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया।