रोजाना 2-3 पॉजिटिव केस, एमबी अस्पताल में सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक निशुल्क जांच; आइसोलेशन वार्ड में 10 बेड आरक्षित
उदयपुर, 30 अगस्त: उदयपुर में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बाद स्वास्थ्य विभाग और आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्रशासन अलर्ट हो गया है। शहर में रोजाना औसतन 2 से 3 नए संक्रमित सामने आने के बाद महाराणा भूपाल अस्पताल में संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच बढ़ा दी गई है। संक्रामक रोग वार्ड में 10 आइसोलेशन बेड आरक्षित किए गए हैं। वर्तमान में तीन पॉजिटिव मरीज भर्ती बताए गए हैं।
एमबी अस्पताल के नए आउटडोर परिसर में स्वाइन फ्लू जांच के लिए अलग स्पेशल कॉर्नर बनाया गया है। यहां रोजाना सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। सरकारी अस्पताल में जांच निशुल्क है। निजी अस्पतालों में सामने आने वाले संदिग्ध मरीजों को भी जांच के लिए एमबी अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
अगस्त में 55 मरीज पॉजिटिव
अस्पताल प्रशासन के अनुसार 27 अगस्त को लिए गए 11 सैंपलों में दो पॉजिटिव मिले। 28 अगस्त को जांचे गए दोनों सैंपल भी पॉजिटिव आए। 29 अगस्त को 16 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए। राजस्थान में जनवरी से अगस्त तक स्वाइन फ्लू के 146 मामले सामने आए हैं। इनमें अकेले अगस्त में 55 संक्रमित मिले हैं। ओपीडी में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश वाले मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। हाई रिस्क क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।