उदयपुर में विशेष सत्र, उद्यमियों को निर्यात और ई-कॉमर्स विस्तार की दी जानकारी
उदयपुर, 6 जून: स्थानीय उत्पादों और व्यवसायों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उदयपुर में एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। भारतीय निर्यात संगठन महासंघ (एफआईईओ), हायवीपे एक्सिम, डिलीवरी लिमिटेड एवं बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में उद्यमियों, व्यापारियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और युवाओं को निर्यात एवं ई-कॉमर्स के नए अवसरों की जानकारी दी गई।
वैश्विक सोच अपनाने का आह्वान
रेगेंटा सेंट्रल में आयोजित कार्यक्रम में एफआईईओ राजस्थान प्रमुख भूपिंदर सिंह ने निर्यात संवर्धन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। हायवीपे एक्सिम की संस्थापक गीता चौहान ने कहा कि भविष्य उन्हीं व्यवसायों का है जो शुरुआत से ही वैश्विक दृष्टिकोण अपनाएंगे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच और सीमापार भुगतान प्रबंधन की संभावनाओं पर चर्चा की।
निर्यात प्रक्रिया और डिजिटल व्यापार पर मार्गदर्शन
चार्टर्ड अकाउंटेंट विनीत जैन ने जीएसटी, आयात-निर्यात कोड (आईईसी), आईसगेट एवं एडी कोड पंजीकरण जैसी प्रक्रियाओं को सरल भाषा में समझाया। वहीं वॉलमार्ट वृद्धि कार्यक्रम के प्रतिनिधि विशेष शर्मा ने डिजिटल व्यापार और ऑनलाइन वैश्विक बाजारों के महत्व पर जोर दिया।
लॉजिस्टिक्स और बाजार विस्तार पर चर्चा
डिलीवरी लिमिटेड के मयंक अग्रवाल ने ई-कॉमर्स निर्यात में प्रभावी लॉजिस्टिक्स नेटवर्क की भूमिका बताई। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उदयपुर के व्यवसायों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए।