रुपए दोगुने करने का झांसा, 5.21 लाख की ठगी

Share

पूजा के नाम पर विला में बुलाया; मंत्र पढ़ने के बहाने दूसरे कमरे में बैठाया, रकम लेकर आरोपी फरार
उदयपुर, 21 अगस्त:
उदयपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में रुपए दोगुने करने का झांसा देकर ब्यावर निवासी 50 वर्षीय अश्विनी कुमार से 5.21 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी राहुल ने पूजा के नाम पर पीड़ित को झांसे में लिया और रकम लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने गुरुवार रात बड़गांव थाने में मामला दर्ज कराया।
अश्विनी ने पुलिस को बताया कि वह 18 अगस्त को मित्र धरमजीत के साथ उदयपुर आया था। 19 अगस्त को गुजरात जाते समय उनके परिचित मोहन के कहने पर राहुल भी साथ आ गया। रास्ते में प्रॉपर्टी खरीदने की बातचीत के दौरान राहुल को उनके पास रुपए होने की जानकारी मिली। उसने रुपए दोगुने करने का दावा किया और पूजन सामग्री मंगवाई।
मंत्र पढ़ने का बहाना बनाकर भागा
राहुल ने बड़ी स्थित विला में पूजा शुरू की। अश्विनी से 5.21 लाख रुपए लेकर उसे दूसरे कमरे में बैठा दिया। कुछ घंटे बाद आवाज बंद होने पर उसने कमरे में जाकर देखा तो राहुल गायब था और रुपए भी नहीं मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।