गुमनाम समाजसेवियों को मिलेगा ‘गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड’

Share

उदयपुर, 21 अगस्त: समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे गुमनाम नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से एसडीजी के प्रति समर्पित संस्था ‘2030 का भारत’ ने ‘गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3’ के लिए निःशुल्क नामांकन शुरू किए हैं। इस सम्मान के तहत क्वालिटी एजुकेशन, जीरो हंगर तथा अफोर्डेबल एंड क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का चयन किया जाएगा।
संस्था के अनुसार समाज में बदलाव लाने वाले कई लोग बिना प्रचार-प्रसार और पहचान की अपेक्षा के वर्षों से काम कर रहे हैं। ऐसे परिवर्तनकर्ताओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से अवॉर्ड्स का आयोजन किया जा रहा है।
‘2030 का भारत’ के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि देश केवल नीतियों और योजनाओं से नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में बदलाव लाने का संकल्प लेकर काम करने वाले लोगों से बदलता है। उन्होंने बताया कि यह अवॉर्ड्स का तीसरा संस्करण है। पिछले दो संस्करणों में सात हिंदीभाषी राज्यों के 21 समाजसेवियों एवं परिवर्तनकर्ताओं को सम्मानित किया जा चुका है।
आयोजन समिति ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और संगठनों से पात्र लोगों के नामांकन भेजने की अपील की है। प्राप्त नामांकनों का विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा।