रूपम गोल्ड लूटकांड में बड़ा खुलासा, बिहार से 30 लाख रुपए बरामद

Share

फिल्मी अंदाज में सोना-चांदी और नकदी लूटने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सात आरोपी सलाखों के पीछे
राजसमंद, 24 जून: राजसमंद के चर्चित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मास्टरमाइंड सूरज कुमार सिंह उर्फ सन्नी सिंह की निशानदेही पर बिहार से लूट की रकम में से 30 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि 23 अगस्त 2023 को कांकरोली स्थित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स शोरूम पर दो बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोल दिया था। बदमाश करीब डेढ़ किलो सोना, डेढ़ किलो चांदी और 18 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें बिहार के वैशाली जिले से संचालित एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग चरणों में कई आरोपियों को बिहार, ओडिशा और झारखंड की जेलों से गिरफ्तार किया। एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में गठित एसआईटी ने गिरोह के सरगना सूरज उर्फ सन्नी सिंह और उसके साथी आनंदराज उर्फ टुकटुक को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आरोपी राजसमंद से 1500 किलोमीटर दूर बिहार के रहने वाले थे और वारदात के बाद झारखंड, पश्चिम बंगाल तथा उत्तराखंड सहित कई राज्यों में छिपते रहे। लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
मामले के खुलासे में कांकरोली थाना प्रभारी सरोज बैरवा, साइबर सेल के डीएसपी दुर्गाप्रसाद दाधीच तथा पुलिस की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।