उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 603 ठिकानों पर दबिश, 199 अपराधी गिरफ्तार

Share

93 पुलिस टीमों ने तड़के एक साथ चलाया विशेष अभियान; हत्या के 2 वांछित आरोपियों समेत 56 वारंटी पकड़े
उदयपुर, 11 अगस्त:
उदयपुर जिले में अपराधियों और बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए 603 से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान में जिलेभर की 93 पुलिस टीमों के करीब 390 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई का उद्देश्य वांछित अपराधियों की धरपकड़ और एरिया डोमिनेशन के जरिए कानून-व्यवस्था मजबूत करना था।
हत्या के 2 आरोपी और 56 वारंटी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान हत्या के मामलों में वांछित 2 आरोपियों, सामान्य मामलों में वांछित 4 आरोपियों तथा 56 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 122 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
आर्म्स-एक्साइज एक्ट में भी कार्रवाई
अभियान के दौरान स्थानीय माइनर एक्ट के तहत 17 मामले दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें आबकारी अधिनियम के 4 मामलों में 3, आर्म्स एक्ट के 6 मामलों में 6 तथा अन्य 6 मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने जुआ, एनडीपीएस, पर्यटन और मत्स्य अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की।
78 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश
पुलिस टीमों ने जिले के 78 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर औचक दबिश देकर पूछताछ की। अभियान के दौरान 29 स्थायी वारंट और 27 गिरफ्तारी वारंट का भी निस्तारण किया गया।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपराध और अपराधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।