बड़गांव पुलिस ने लूटा गया मोबाइल और 10 हजार रुपए किए बरामद; एक विधि से संघर्षरत बालक भी निरुद्ध
उदयपुर, 11 अगस्त: बड़गांव थाना पुलिस ने बेदला लिंक रोड पर महिला से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त टेंपो बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
टेंपो में सवार होकर घेरा, पर्स छीनकर भागे
पुलिस के अनुसार फतहपुरा निवासी भंवरी बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बेदला लिंक रोड पर पीले रंग के टेंपो में सवार तीन युवकों और एक महिला ने उन्हें घेरकर धक्का दिया। इसके बाद कमर में लटका पर्स छीनकर आरोपी फरार हो गए। पर्स में 10 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन रखा था।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में बड़गांव थानाधिकारी हितेश कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शाहिल खान उर्फ बिट्टू (25), धर्मेंद्र कुमार (25) और मीनाक्षी उर्फ एप्पल (30) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शाहिल के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और चोरी के 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।