एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त रेड, नोट गिनने की मशीन बरामद; इंदौर कनेक्शन की जांच शुरू
उदयपुर, 30 जुलाई : उदयपुर में हवाला कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सूरजपोल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेवाड़ मोटर्स गली स्थित राजमंदिर ट्रैवल्स के ऊपर संचालित एक कार्यालय से 39 लाख 22 हजार 660 रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद की है। मौके से नोट गिनने की मशीन और कैलकुलेटर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि हवाला लेन-देन की गोपनीय सूचना मिलने पर टीम ने कार्यालय में अचानक दबिश दी। छापे के दौरान काउंटर पर 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां, नोट काउंटिंग मशीन और कैलकुलेटर खुले मिले। सूचना पर सूरजपोल थाना पुलिस और बाद में आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान नकदी की गिनती में 39.22 लाख रुपए मिले, लेकिन कार्यालय में मौजूद शुभम जैन इस राशि के वैध दस्तावेज या स्रोत नहीं बता सका। कर्मचारी अंकित आर्य भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने नकदी और उपकरण जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिया गया अंकित आर्य मध्य प्रदेश के इंदौर का निवासी है, जबकि शुभम जैन उदयपुर का रहने वाला है। इंदौर कनेक्शन सामने आने के बाद अंतरराज्यीय हवाला नेटवर्क की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी गई है। मामले में आयकर विभाग भी समानांतर जांच कर रहा है।