‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम का समापन, दिव्यांगजनों को संघर्ष से सफलता तक का दिया संदेश
उदयपुर, 7 जुलाई: नारायण सेवा संस्थान में चार दिवसीय प्रेरक संवाद श्रृंखला ‘अपनों से अपनी बात’ का मंगलवार को भावनात्मक माहौल में समापन हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से दिव्यांगता सुधार सर्जरी, कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स लगवाने आए दिव्यांगजनों और उनके परिजनों से संवाद करते हुए संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए सही समय पर सही निर्णय लेना सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सभी से परिस्थितियों से हार न मानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि जीवन सुख-दुःख का सतत चक्र है। ऐसे में व्यक्ति को धैर्य, विवेक और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास में जिन लोगों ने समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी कार्य किए, उनकी सफलता का आधार सही समय पर लिए गए उचित निर्णय थे। केवल सही निर्णय पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसका सही समय पर लिया जाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईश्वर मनुष्य को विवेक देता है, गुरु मार्ग दिखाते हैं और चिकित्सक उपचार बताते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय स्वयं व्यक्ति को ही लेना होता है।
कार्यक्रम में इंदौर के प्रकाश मेघवाल, शाहजहांपुर के विक्रम सिंह, निम्बाहेड़ा के मुबारक हुसैन, वैशाली (बिहार) के मुकेश कुमार, प्रतापगढ़ की आरती मीणा तथा बांसवाड़ा के सुभाष सोलंकी सहित कई दिव्यांगजनों ने अपने संघर्ष, चुनौतियों और संस्थान से मिले नए जीवन के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने बताया कि नारायण सेवा संस्थान ने उन्हें न केवल शारीरिक संबल दिया, बल्कि आत्मविश्वास के साथ नया जीवन जीने की प्रेरणा भी प्रदान की।