सुखाड़िया विवि के पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाएगा ‘मानस’, 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित

Share

23 से 25 दिसंबर तक होगा तीन दिवसीय एलुमनाई मीट; 2001 बैच की रजत और 1976 बैच की स्वर्ण जयंती मनाई जाएगी
उदयपुर, 16 अक्टूबर:
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ने तथा विश्वविद्यालय के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मानस’ (एमएलएसयू एलुमनाई नेटवर्क एंड एकेडमिक सोसायटी) का गठन किया गया है। शुक्रवार को पत्रकार सम्मेलन में कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा, गुरप्रीत सिंह सोनी, रमन कुमार सूद और प्रो. अनिल कोठारी ने एसोसिएशन की घोषणा की। इसके संचालन के लिए 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की गई है। आगामी 23 से 25 दिसंबर तक तीन दिवसीय एलुमनाई मीट आयोजित होगी।
पूर्व विद्यार्थियों की भागीदारी से विश्वविद्यालय का विकास
कार्यकारिणी में प्रो. कैलाश डागा पदेन मुख्य संरक्षक, गुरप्रीत सिंह सोनी अध्यक्ष, राहुल अग्रवाल उपाध्यक्ष, रमन कुमार सूद सचिव और प्रो. अनिल कोठारी कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। सदस्यों में प्रो. शिवानी स्वर्णकार, प्रो. मनीष श्रीमाली, वसीम खान, दीपक बिलोची, जयमल सिंह राठौड़ और नारायण लाल सालवी शामिल हैं। नियमावली के अनुसार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु संरक्षक मंडल में शामिल होंगे।
एसोसिएशन की सदस्यता एमबी साइंस कॉलेज से लेकर उदयपुर यूनिवर्सिटी, एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी और मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से जुड़े रहे सभी महाविद्यालयों के पूर्व छात्र-छात्राओं के लिए खुली रहेगी। स्थायी सदस्यता शुल्क 21 हजार रुपए और 10 वर्ष की साधारण सदस्यता शुल्क 2100 रुपए निर्धारित किया गया है। सदस्यता के लिए गूगल फॉर्म की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
दिसंबर में होगा पूर्व विद्यार्थियों का महासम्मेलन
सचिव रमन कुमार सूद ने बताया कि 23 से 25 दिसंबर तक होने वाले एलुमनाई मीट में वर्ष 2001 बैच की रजत जयंती, 1976 बैच की स्वर्ण जयंती और 1975 तक के पूर्व विद्यार्थियों का महासम्मेलन आयोजित होगा। इस अवसर पर पूर्व छात्रों के अनुभवों, उपलब्धियों और शुभकामना संदेशों से युक्त स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी। कार्यकारिणी ने दुर्गा नर्सरी रोड स्थित विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस के नवीनीकरण में 51 हजार रुपए का सहयोग देने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं आर्थिक उन्नयन, व्यक्तित्व विकास, रोजगार और स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। प्रत्येक वर्ष 10 से 12 जुलाई तक मानस और विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। संपर्क के लिए ईमेल manas@mlsu.ac.in जारी किया गया है।