नेशनल हाईवे-48 पर कार-ट्रक की भिड़ंत, दो युवकों की मौत

Share

कंटेनर में आग लगने के बाद लगा था जाम, पीछे से आए ट्रक ने कार को मारी टक्कर
उदयपुर, 16 अक्टूबर:
उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र में वाना के पास नेशनल हाईवे-48 पर शुक्रवार को जाम के दौरान कार और ट्रक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बीएसएनएल कार्यालय के सामने हुआ। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार हाईवे पर एक कंटेनर में आग लगने के बाद यातायात बाधित हो गया था। जाम के चलते वाहनों को धीरे-धीरे निकाला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि तीन गाड़ियों में सवार लोग टोंक क्षेत्र से उदयपुर घूमने आ रहे थे। मृतकों की पहचान सवाई माधोपुर जिले के बोली निवासी कार्तिक पुत्र मनोहरलाल सेन और टोंक जिले के देवास निवासी बनवारी बैरवा पुत्र फेलीराम के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई, वल्लभनगर डीएसपी श्रवण दास संत और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। खेरोदा और वल्लभनगर थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
पुलिस ने दोनों शव एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।