चर्चा में मावली नगरपालिका की इलेक्ट्रिक स्कूटी

Share

मावली, 15 मई (मनीष दाधीच): पेट्रोल-डीजल बचाने और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत अपनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बीच उदयपुर जिले की मावली नगरपालिका की इलेक्ट्रिक स्कूटी चर्चा का विषय बनी हुई है। नगरपालिका ने कर्मचारियों की सरकारी कार्यों में आवाजाही के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध करवाई है, जिससे अब बिना पेट्रोल खर्च के तेजी से कामकाज किया जा रहा है।
पालिका परिसर में खड़ी यह स्कूटी आमजन का भी ध्यान आकर्षित कर रही है। स्कूटी पर बड़े अक्षरों में “स्वायत शासन” लिखा होने से इसकी अलग पहचान बन गई है। कर्मचारियों का कहना है कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए पेट्रोल खर्च होता था, लेकिन अब समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है। पालिका प्रशासन का मानना है कि यह पहल केवल सुविधा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में भी सकारात्मक कदम है। अधिशासी अधिकारी प्रवीण बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री लगातार ईंधन बचत और वैकल्पिक ऊर्जा अपनाने का संदेश दे रहे हैं और मावली नगरपालिका ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है।