नहाने गया था 20 वर्षीय युवक, 9 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव
उदयपुर, 15 मई: सुखेर थाना क्षेत्र में कुकड़ेश्वर महादेव के पास स्थित मेवाड़ माइंस की खदान में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम ने करीब 9 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शोभागपुरा निवासी 20 वर्षीय तरुण गमेती अपने दोस्तों के साथ कुकड़ेश्वर महादेव क्षेत्र में पार्टी मनाने गया था। इस दौरान सभी दोस्त खदान में नहाने उतर गए। बताया जा रहा है कि तरुण को तैरना नहीं आता था और वह अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे डूब गया।
दो दिन चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद दोस्तों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। गुरुवार को राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब 6 घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद शुक्रवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव खदान से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू टीम में विजय नकवाल, भवानी शंकर वाल्मीकि, रवि शर्मा, नरेश चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुखेर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।