एचपीवी वैक्सीन का लक्ष्य समय पर पूरा करें : सीईओ

Share

स्वास्थ्य समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, डेंगू-मलेरिया रोकथाम और गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग पर जोर
उदयपुर, 27 अगस्त
: जिला परिषद सभागार में गुरुवार को जिला कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य समिति की बैठक सीईओ प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चिकित्सा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने एचपीवी वैक्सीन का लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने को कहा गया।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बायोमेडिकल वेस्ट के रजिस्ट्रेशन और निस्तारण की समीक्षा कर लंबित पंजीयन तत्काल कराने के निर्देश दिए। डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ ने गर्भवती महिलाओं की समय पर स्क्रीनिंग कर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी चिन्हित करने पर जोर दिया।
मौसमी बीमारियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह ने मच्छर नियंत्रण के लिए अल्फा स्प्रे और डेंगू-मलेरिया रोकथाम गतिविधियां बढ़ाने को कहा। आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं की चार जांचें समय पर कराने और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी में 87.24 प्रतिशत, कार्ड वितरण में 92.29 और वय वंदन कार्ड में 71.42 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त होने की जानकारी दी गई। बैठक में नसबंदी, परिवार नियोजन, कैंसर स्क्रीनिंग और टीबी जांच की भी समीक्षा हुई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आशाओं को सम्मानित किया गया।