उदयपुर, 12 अप्रैल: राजस्थान के दक्षिणी क्षेत्र में संदिग्ध दिमागी बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में आठ बच्चों की मौत के बाद अब प्रतापगढ़ जिले में भी एक और मासूम की जान चली गई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9 हो गया है।
ताजा मामला प्रतापगढ़ जिले के पारसोला क्षेत्र के घटेला गांव का है, जहां 15 महीने के बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बच्चा एक दिन पहले तक सामान्य था, लेकिन शनिवार को उसकी हालत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला दिमागी बुखार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि स्पष्ट कारणों की पुष्टि के लिए सैंपल जांच जारी है। इससे पहले लसाड़िया क्षेत्र में भी इसी तरह के लक्षणों से आठ बच्चों की मौत हो चुकी है।
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रभावित गांवों में घर-घर सर्वे, बच्चों की स्क्रीनिंग और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है। लगातार हो रही मौतों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और विभाग बीमारी के कारणों का पता लगाने में जुटा है।