टायर फटते ही हाईवे पर पलटा सीमेंट से भरा मिनी ट्रक

Share

प्रतापनगर-एकलिंगपुरा बाइपास पर हादसा, सड़क पर बिखरे कट्टे; चालक सुरक्षित निकाला, क्रेन से हटवाया वाहन
उदयपुर, 14 नवम्बर:
प्रतापनगर-एकलिंगपुरा बाइपास पर शनिवार को सीमेंट से भरा मिनी ट्रक अचानक पलट गया। चलते वाहन का टायर फटने से संतुलन बिगड़ा और ट्रक सड़क पर आड़ा गिर गया। हादसे में सीमेंट के कट्टे भी सड़क पर बिखर गए। गनीमत रही कि आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आए।
मिनी ट्रक प्रतापनगर से एकलिंगपुरा की ओर जा रहा था। अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। ट्रक पलटने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने केबिन से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
सड़क पर वाहन और सीमेंट के कट्टे बिखरने से यातायात बाधित हो गया तथा वाहनों की कतार लग गई। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।