पाइपलाइन फूटी, बिजली का पोल भी झुका, लोगों का हंगामा

Share

बिना अनुमति खुदाई पर जताया विरोध, पूर्व डिप्टी मेयर शेखावत ने रुकवाया काम; विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाया
उदयपुर, 14 नवम्बर:
पुलां क्षेत्र में मोबाइल कंपनी की ओर से बिना अनुमति की जा रही खुदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन फूट गई। इससे सड़क पर पानी बहने लगा। खुदाई से पास लगा बिजली का पोल भी तिरछा हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मौके पर हंगामा करते हुए काम रुकवाने की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खुदाई शुरू होने से पहले कर्मचारियों को भूमिगत पानी की पाइपलाइन के बारे में आगाह किया था, लेकिन उन्होंने अनसुनी कर काम जारी रखा। कुछ ही देर में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंचे वार्ड पार्षद एवं पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत ने काम रुकवाकर जलदाय और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने बिना विभागीय अनुमति और नक्शे के खुदाई को गंभीर लापरवाही बताया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और झुके बिजली के पोल का निरीक्षण किया। लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।