नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, 18 घंटे बाद मिली बेसुध

Share

चार आरोपी बाइक से ले गए, सुनसान जगह वारदात के बाद छोड़कर फरार
डूंगरपुर, 3 अप्रैल :
डूंगरपुर जिले के ओबरी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाश उसे बाइक पर उठाकर ले गए और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम देकर बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। करीब 18 घंटे बाद पीड़िता गांव के पास बेहोशी की हालत में मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार घटना 30 मार्च की रात की है। नाबालिग को उसके पिता ने घर से दुकान पर सामान लेने भेजा था, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन दोपहर करीब 3 बजे वह गांव के पास नाले के पास बेसुध हालत में पड़ी मिली। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे।
होश में आने पर पीड़िता ने बताया कि रास्ते में गांव का ही एक युवक अपने तीन साथियों के साथ बाइक पर आया। आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर जबरन उठाया और सुनसान जगह ले जाकर मुख्य आरोपी ने दो बार दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपियों ने उसे वहीं छोड़ दिया। गंभीर हालत में पीड़िता को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।