कुल्हाड़ी से सिर पर वार, आरोपी फरार—जंगलों में तलाश जारी
उदयपुर, 3 अप्रैल : उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे ढाला गांव में हुई। बड़े भाई शांतिलाल (45) और छोटे भाई बंसीलाल (40) के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों रात को साथ बैठे थे, तभी कहासुनी बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में छोटे भाई ने घर से कुल्हाड़ी लाकर शांतिलाल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक के बेटे चुन्नीलाल ने पिता को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही कोल्यारी चौकी प्रभारी कांतिलाल सालवी मौके पर पहुंचे और शव को फलासिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।