उदयपुर में नाबालिग से मारपीट, कार सवार युवकों ने बेल्ट-डंडों से किया हमला

Share


उदयपुर, 23 मार्च:
उदयपुर शहर के नाई थाना क्षेत्र में रविवार रात एक नाबालिग किशोर के साथ कार सवार युवकों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 9:30 बजे शिल्पग्राम-बड़ी रोड स्थित आरके फोर्ट के पास की है। पीड़ित के परिजनों ने नाई थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय किशोर अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था और सभी आपस में सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक एक युवक डंडा लेकर उनकी ओर दौड़ा, जिससे घबराकर सभी बच्चे वहां से भागने लगे। इसी बीच एक अन्य कार सवार युवक ने वाहन सड़क पर खड़ा कर दिया और बच्चों को डराने-धमकाने लगा। अफरा-तफरी के बीच आरोपियों ने नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि उसके बाकी साथी मौके से भागने में सफल रहे।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट की। उसे बेल्ट, डंडों तथा लात-घूसों से पीटा गया, जिससे उसके चेहरे, सिर, पीठ और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल किशोर किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए और फिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
नाई थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि शिल्पग्राम-बड़ी रोड और रानी रोड क्षेत्र में रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें पूर्व में भी सामने आती रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।