प्रतापगढ़, 23 मार्च : मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों की 1 करोड़ 12 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के तहत की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर हथुनिया थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। फ्रीज की गई संपत्तियों में आरोपियों के दो मकान और एक स्कॉर्पियो वाहन शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदी गई थीं।
उल्लेखनीय है कि 30 दिसंबर 2025 को धोलापानी थाना पुलिस ने हथुनिया निवासी शाहरुख खान और दिलावर खान को 1 किलो 203 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद से दोनों न्यायिक अभिरक्षा में हैं।
थानाधिकारी उदयवीर सिंह द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकरण ने 21 मार्च को स्वीकृति दी, जिसके बाद 23 मार्च को संपत्तियां विधिवत फ्रीज कर दी गईं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।