नाबालिग से दुष्कर्म कर धर्मांतरण का दबाव, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 28 अप्रैल: राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म कर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर नाबालिग से दोस्ती की और बाद में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चार दिन की रिमांड पर लिया है, जबकि एक धर्मगुरु सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपी ने जनवरी 2023 में सोशल मीडिया पर फर्जी नाम से संपर्क किया। बाद में उसे कैफे में बुलाकर अश्लील वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी होटल में भी पहचान छिपाने के लिए दूसरे नाम और अन्य युवती के आधार कार्ड का इस्तेमाल करता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे नमाज पढ़ने, बुर्का पहनने और घरवालों से अलग रहने के लिए मजबूर करता था। उसने निकाह और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया तथा एक धर्मगुरु के पास ले जाकर धार्मिक स्थल पर धर्म बदलने के लिए धमकाया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच डीएसपी सिटी सज्जन सिंह को सौंपी है। पुलिस मुख्य आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा फरार धर्मगुरु और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।