एमएमपीएस के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

Share


उदयपुर: ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेज द्वारा आयोजित “अभिव्यक्ति कल्चरल फेस्टिवल” में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के 41 विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। कक्षा 12 के सिद्धार्थ धांधड़ा ने हिंदी वाद-विवाद तथा एंजल सुखवानी ने एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। एंजेल जैन ने अंग्रेजी कहानी लेखन एवं हुनर भाटिया ने हिंदी कविता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। अन्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। विद्यालय के मानद निदेशक सतीश शर्मा ने सभी विजेता एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

तेज रफ्तार कार ने ली युवक की जान
उदयपुर :
गोगुंदा क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पांच महीने पहले ही शादी हुई थी, जिससे परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार राठौड़ों का गुड़ा निवासी अंबू सिंह (25) पुत्र दौलत सिंह राजपूत बाइक से गांव लौट रहा था। मारूवास के पास मोडी तुला रोड पर सामने से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी।

दिनदहाड़े 1 मिनट में बाइक चोरी
उदयपुर
: शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात सामने आई है। शोभागपुरा इलाके में बदमाश ने दुकान के बाहर खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर महज एक मिनट में चोरी कर ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। करधर इलेक्ट्रिकल में काम करने वाले सोहनलाल डांगी बाइक खड़ी कर दुकान के अंदर गए थे। इसी दौरान एक युवक मौके पर पहुंचा और पहले आसपास रेकी की। कुछ देर बाद उसने बड़ी सफाई से बाइक का लॉक तोड़ा और वाहन लेकर फरार हो गया।

अवैध हथियारों के साथ 2 गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ :
सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक पर पहले से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने एक देशी पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और स्विफ्ट कार जब्त की है तलाशी में दिनेश गाडरी के पास से अवैध पिस्टल और प्रकाश जाट के पास से कारतूस मिले।

चावण्डिया गांव में तीन घरों में चोरी
बेगूं:
क्षेत्र के चावण्डिया द्वितीय गांव में बुधवार रात चोरों ने तीन मकानों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार के लोग घरों के बाहर और छत पर सो रहे थे। सुबह चोरी का पता लगने पर गांव में हड़कंप मच गया। चोर खिड़कियां तोड़कर घरों में घुसे और अलमारी-बक्सों के ताले तोड़ दिए। पृथ्वीराज जाट के घर से 1.72 लाख रुपए और चांदी के गहने, रतनलाल जटिया के घर से नकदी व सोने-चांदी के आभूषण तथा जगदीश शर्मा के घर से 50 हजार रुपए और जेवर चोरी हुए।

द्वारिकाधीश मंदिर में 17 से अधिकमास महोत्सव
राजसमंद:
कांकरोली स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में 17 मई से ज्येष्ठ पुरुषोत्तम अधिकमास महोत्सव शुरू होगा। यह आयोजन 15 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विशेष मनोरथ, झांकियां और शृंगार होंगे। मंदिर प्रशासन ने कार्यक्रमों की समय-सारणी जारी कर दी है। मुख्य समाधानी राजकुमार गौरवा ने बताया कि अधिकमास को भगवान विष्णु की विशेष आराधना का माह माना जाता है। इस दौरान फूलमंडली, जल विहार, रथ यात्रा, चंदन बंगला, नौकाविहार और दीपदान जैसे धार्मिक आयोजन होंगे।

घरों में आगजनी के 7 आरोपी गिरफ्तार
डूंगरपुर:
दोवड़ा थाना पुलिस ने दो मकानों में आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। घटना हड़मतिया फला ऊबा पाणा गांव की है। पुलिस के अनुसार प्रेम उर्फ पप्पू डेंडोर एक युवती को भगाकर ले गया था। इसी रंजिश में लड़की पक्ष के लोगों ने मंगलवार रात को हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी, पत्थर और लोहे के पाइप से तोड़फोड़ की और दो घरों में आग लगा दी, जिससे मकान जलकर राख हो गए।

चैन स्नेचिंग गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार
डूंगरपुर:
बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने चैन स्नेचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिलों में आधा दर्जन से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है। मामला अमृतदेवी कलाल की शिकायत के बाद सामने आया, जिनके गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चैन झपट ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में संजयदास, दिनेश खराड़ी, किरीट खराड़ी और गोपाल डामोर शामिल हैं।

डूंगरपुर में रुकवाया बाल विवाह
डूंगरपुर:
चौरासी थाना क्षेत्र के गंधवा गांव में प्रशासन ने चाइल्डलाइन की सूचना पर एक बाल विवाह रुकवाया है। टीम मौके पर पहुंची तो शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात आने वाली थी। बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. कल्पित शर्मा ने बताया कि जांच में बालिका की उम्र 15 वर्ष 10 माह पाई गई। इसके बाद चाइल्डलाइन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने विवाह रुकवाया। तहसीलदार ने परिजनों को भविष्य में बाल विवाह नहीं करने के निर्देश दिए।

ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
बांसवाड़ा:
अरथूना कस्बे में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया। हादसा बुधवार रात हुआ, जब दोनों युवक दोस्त को छोड़कर घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार वालका पाड़ा निवासी महेश (22) अपने साथी प्रदीप बामनिया के साथ बाइक पर था। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से एमजी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान महेश ने दम तोड़ दिया।

सोलंकी बने प्रदेश महामंत्री


चित्तौड़गढ़ :
भारत तिब्बत सहयोग मंच ने संगठन विस्तार के तहत विरेन्द्र सिंह सोलंकी को चित्तौड़ प्रांत का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। संगठन ने उनके सामाजिक अनुभव और सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। प्रांत अध्यक्ष अरविन्द कौशल ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए कहा कि सोलंकी लंबे समय से विभिन्न सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मंच के सेवा कार्यों और तिब्बत मुक्ति आंदोलन को मजबूती मिलेगी।

आंगनवाड़ी केंद्रों का समय बदला
उदयपुर:
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। अब 16 मई से 30 जून तक बच्चों के लिए केंद्र सुबह 7 बजे से 10 बजे तक संचालित होंगे। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने आदेश जारी करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार मानदेय कर्मियों को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक उपस्थित रहना होगा।

शिक्षक समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन


मावली:
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) ने शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को उपखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को दिया गया। खण्ड अध्यक्ष शंकरलाल जाट ने बताया कि संगठन लंबे समय से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहा है। प्रमुख मांगों में ग्रीष्मावकाश यथावत रखना, लंबित पदोन्नति और स्थानांतरण करना, गैर शैक्षिक कार्यों से मुक्त करना तथा संविदा शिक्षकों को नियमित करना शामिल है।

जीएसएस में ब्लास्ट से 3 घंटे बिजली गुल
फतहनगर
: 132 केवी जीएसएस नाथुवास में सिटीपीटी सेट में ब्लास्ट होने से बुधवार देर रात कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब तीन घंटे तक अंधेरा छाए रहने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ी। जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे तेज धमाके के साथ तकनीकी खराबी हुई, जिसके बाद नाथद्वारा, खमनौर, देलवाड़ा, बिलौता और फतहनगर क्षेत्र की सप्लाई बंद करनी पड़ी। प्रसारण निगम की टीम ने रातभर मरम्मत कार्य किया। देर रात करीब पौने दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।


उदयपुर।
संत निरंकारी मिशन द्वारा युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह जी की स्मृति में समालखा स्थित आध्यात्मिक स्थल पर आयोजित संत समागम में लाखों श्रद्धालुओं ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी एवं निरंकारी राजपिता रमितजी के सान्निध्य में आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण किया। इस अवसर पर सेवा, मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। वहीं उदयपुर के चित्रकूट नगर स्थित सत्संग भवन में भी समर्पण दिवस पर विशाल सत्संग कार्यक्रम आयोजित कर बाबा हरदेव सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।