100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, घर-घर सर्वे से खोजे जा रहे संभावित टीबी मरीज
उदयपुर, 6 जुलाई: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान में उदयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को जगदीश चौक स्थित अस्पताल में शिविर आयोजित किया गया, जिसमें आधुनिक हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन की सहायता से नि:शुल्क चेस्ट एक्स-रे किए गए। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेंद्र शर्मा के निर्देशन में एसटीएस अनूप खंडेलवाल और एसटीएलएस लतीफ खान पठान ने अभियान को गति प्रदान की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर सर्वे कर टीबी के लक्षण वाले लोगों की पहचान की जा रही है, ताकि समय रहते उनकी जांच और उपचार शुरू किया जा सके। जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध मरीजों के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है तथा संक्रमण की पुष्टि होने पर तुरंत उपचार शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 29 जून से 5 जुलाई तक आयड़, भूपालपुरा, पुलिस लाइन, पिछोली, सूरजपोल, धानमंडी, मल्लातलाई, कृषि उपज मंडी, फतेहपुरा, हाउसिंग बोर्ड, मादड़ी, प्रतापनगर, जगदीश चौक और खानजीपीर सहित 14 स्थानों पर कुल 1,020 लोगों के चेस्ट एक्स-रे किए गए।
शहरी नोडल अधिकारी डॉ. कैलाश शर्मा ने आमजन से अपील की कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान, उपचार और जन-जागरूकता ही टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता की कुंजी है।