गीतांजली हॉस्पिटल के निःशुल्क मिर्गी शिविर में 100 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ

Share

ईईजी जांच मुफ्त, एमआरआई-सीटी स्कैन पर 50% छूट; जरूरतमंदों को आयुष्मान योजना में मिलेगी सर्जरी
उदयपुर, 3 अगस्त:
गीतांजली हॉस्पिटल में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क मिर्गी (ताण) रोग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में उदयपुर सहित आसपास के जिलों से 100 से अधिक मरीजों ने भाग लेकर विशेषज्ञ न्यूरोलॉजिस्ट एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अनीस जुकरवाला से परामर्श और आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान डॉ. जुकरवाला और उनकी टीम ने मरीजों की विस्तृत जांच कर रोग की गंभीरता के अनुसार उपचार संबंधी परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों की ईईजी (EEG) जांच निःशुल्क की गई, जबकि एपिलेप्सी प्रोटोकॉल के तहत एमआरआई एवं सीटी स्कैन पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की गई।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जिन मरीजों में एपिलेप्सी सर्जरी की आवश्यकता पाई गई है, उन्हें शीघ्र ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (एमएएवाई) के तहत गीतांजली हॉस्पिटल में सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. अनीस जुकरवाला ने कहा कि समय पर सही जांच, नियमित दवा और विशेषज्ञ उपचार से मिर्गी रोग को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से मिर्गी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और अंधविश्वासों से दूर रहने तथा दौरे की स्थिति में बिना देरी किए न्यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करने की अपील की।
शिविर में पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई गई निःशुल्क विशेषज्ञ सेवाओं एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें।