मोरवानिया पीटीएस कैंपस बनेगा राज्य स्तरीय आदर्श पर्यावरणीय प्रशिक्षण परिसर

Share

ग्रीन पीपल सोसाइटी और पुलिस प्रशासन ने तैयार किया हरित विकास का रोडमैप
उदयपुर, 20 मई
: मोरवानिया स्थित पीटीएस कैंपस को पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन का आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में बड़ी पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में ग्रीन पीपल सोसाइटी (GPS) और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में पूरे कैंपस को वृक्षाच्छादित एवं पर्यावरण अनुकूल प्रशिक्षण परिसर के रूप में विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई।
ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि कैंपस के लिए वाटरशेड संरक्षण, वन संवर्धन, पौधारोपण और जल संरक्षण आधारित विस्तृत प्रबंधन योजना तैयार की जाएगी। योजना में मृदा संरक्षण कार्य, पक्षियों के लिए फलदार पौधों का रोपण, प्राकृतिक नालों पर चेक डैम एवं एनीकट निर्माण जैसे कार्य शामिल होंगे।
बैठक में वर्षा ऋतु से पूर्व मृदा कार्य पूर्ण करने और जून-जुलाई में बड़े स्तर पर पौधारोपण करने पर जोर दिया गया। कैंपस की चारदीवारी शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता भी बताई गई, ताकि मवेशियों से पौधों को नुकसान न पहुंचे।
इस अवसर पर सुहेल मजबूर, एस.एन. दवे, इंद्रजीत माथुर, डॉ. ललित जोशी, डीवाईएसपी विजय कुमार सहित पीटीएस का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा ने प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।