टीकाकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग और परिवार नियोजन कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
उदयपुर, 20 मई: शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वास्थ्य भवन के मीटिंग हॉल में एक दिवसीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने की। बैठक में शहर के सभी जनता क्लिनिक के चिकित्साधिकारी, नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम तथा फार्मेसिस्ट मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डॉ. अशोक आदित्य ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्मिकों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने शहर में नियमित टीकाकरण अभियान को मजबूत करने तथा एचपीवी वैक्सीनेशन में सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शहर प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए महिलाओं को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों से जोड़ने पर बल दिया। साथ ही जनता क्लिनिक पर आने वाले बुखार पीड़ित मरीजों की सभी आवश्यक जांच कर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
वहीं, जिला नोडल प्रभारी एनसीडी डॉ. प्रणव भावसार एवं डब्ल्यूएचओ कंसलटेंट डॉ. केतल ने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग नियमित रूप से करने और रिकॉर्ड संधारण को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।