राजसमंद के विकास कार्यों और जनहित मुद्दों पर हुई चर्चा
राजसमंद, 17 मई: राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने रविवार को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राजसमंद लोकसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।
सांसद महिमा मेवाड़ ने रक्षा मंत्री को संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के तहत जम्मू-कश्मीर में हुए अनुभवों और वहां विभिन्न विषयों पर हुई चर्चाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने शहरी विकास, आवास, पर्यटन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सांसद ने कहा कि राजसमंद लोकसभा क्षेत्र का विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए वे लगातार केंद्र सरकार के वरिष्ठ नेताओं से संवाद कर रही हैं।