समझौता बैठक बनी रणभूमि, युवक पर बरसाए पत्थर

Share

डूंगरपुर के तिजवड़ गांव में 6-7 लोगों ने किया हमला, गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती
डूंगरपुर, 17 मई:
डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के तिजवड़ गांव में रविवार को एक समझौता बैठक अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। पुराने विवाद को सुलझाने के लिए चल रही बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने युवक पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार देवसोमनाथ निवासी सुरेश अहारी कुछ दिन पहले हुए एक्सीडेंट और मारपीट के मामले में समझौता वार्ता के लिए तिजवड़ गांव पहुंचा था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत सामान्य रही, लेकिन कुछ देर बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सुरेश का आरोप है कि बैठक के दौरान मौजूद 6 से 7 लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर हॉस्पिटल चौकी प्रभारी नारायणलाल और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।