मुहम्मद जुनैद पीपी ने संभाला सलूंबर कलेक्टर का पदभार

Share

निरीक्षण के साथ तय की प्राथमिकताएं, बोले—अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
सलूंबर, 2 अप्रैल:
2018 बैच के आईएएस अधिकारी मुहम्मद जुनैद पीपी ने गुरुवार को सलूंबर जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट का पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिले में विकास कार्यों को गति देने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर नवागत कलेक्टर का अभिनंदन किया।
पदभार संभालने के बाद कलेक्टर जुनैद पीपी ने अधिकारियों के साथ परिचय बैठक ली, जिसमें जिले की भौगोलिक स्थिति, चल रही विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुहम्मद जुनैद पीपी इससे पूर्व जयपुर में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अंतर्गत जलसंभर विकास एवं मृदा संरक्षण विभाग में निदेशक तथा पदेन संयुक्त शासन सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके पास प्रशासनिक अनुभव का व्यापक दायरा है, जिसे अब सलूंबर जिले के विकास में उपयोग किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, फाइलों के रखरखाव और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।