बांसवाड़ा में बाइक से नाले में गिरे, नाबालिग की मौत

Share

देर रात तीन युवक एक ही बाइक पर थे, संतुलन बिगड़ने से हादसा
बांसवाड़ा, 2 अप्रैल
: जिले में देर रात हुए सड़क हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 12:30 बजे दानपुर थाना क्षेत्र के कुंडल गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार डाबीपाड़ा कुंडल निवासी मुकेश (14), बंसी और कृष्णा एक ही बाइक पर सवार होकर कुंडल से मकनपुरा रोड की ओर जा रहे थे। पुलिया के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों बरसाती नाले में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। वह 9वीं कक्षा का छात्र था और बाइक पर बीच में बैठा था।
घटना में घायल कृष्णा और बंसी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।