अस्पताल में इलाज कराने पहुंचा हत्या का आरोपी गिरफ्तार

Share

मुख्य आरोपी सहित दो हिस्ट्रीशीटर अहमदाबाद से पकड़े गए
उदयपुर, 26 अप्रैल:
उदयपुर में 7 अप्रैल को हुए साहिल उर्फ सुहानी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नईम उर्फ नईमुद्दीन और उसके साथी कुंदन को घंटाघर थाना पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और हत्या के बाद से फरार चल रहे थे।
थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि वारदात के दौरान भागते समय नईम घायल हो गया था। उसके प्राइवेट पार्ट में चोट लगने के कारण वह अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचा था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा दवाई लेने अस्पताल आएगा। इस पर गुजरात पुलिस और अस्पताल प्रशासन की मदद से जाल बिछाया गया। शनिवार को नईम जैसे ही अस्पताल पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके साथ छिपे कुंदन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल की रात बिच्छू घाटी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर साहिल उर्फ सुहानी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया था। सीने और कमर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही गौरव सिंह चौहान उर्फ बिट्टू, मोहम्मद सुहान डायर और जोएब खान उर्फ अक्कू को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुंदन पर करीब डेढ़ दर्जन और नईम पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों को पकड़ने में एएसआई इश्क मोहम्मद और हेड कॉन्स्टेबल सतपाल की अहम भूमिका रही।