पिता और तीन साल का बेटा गंभीर घायल, शादी में जाते समय हुआ हादसा
बांसवाड़ा, 26 अप्रैल: बांसवाड़ा जिले के सल्लोपाट थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पिता और उसका तीन साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहनवाड़ी गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और पांचों सवार सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार भण्डारा गांव निवासी नानू गरासिया और उसका भाई लक्ष्मण रिश्तेदार की शादी में शामिल होने रोहनवाड़ी जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गांगड़तलाई की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर खरसाणा निवासी उमेश, उसका तीन वर्षीय बेटा जयेश और उमेश का जीजा रंगजी सवार थे।
हादसे में नानू और रंगजी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल लक्ष्मण ने दाहोद रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं उमेश और उसका मासूम बेटा जयेश गंभीर घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
सल्लोपाट थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार सामने आया है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की टक्कर से मजदूर की मौत, बेटी घायल
ओगणा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मजदूर रमेश गमेती (42) की मौत हो गई, जबकि उसकी 24 वर्षीय बेटी गंभीर घायल हो गई और दो वर्षीय नातिन को मामूली चोट आई। हादसा ओडा गांव स्थित उपरेटा स्कूल के सामने हुआ। टक्कर के बाद रमेश का शव करीब एक घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा, जबकि घायल बेटी भी तड़पती रही, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। बाद में पुलिस पहुंची और एम्बुलेंस से घायल को अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो रमेश की जान बच सकती थी।
खेत में करंट लगने से किसान की मौत
डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र के डोलवर निचली गांव में खेत पर सिंचाई के दौरान करंट लगने से 40 वर्षीय किसान कालुराम की मौत हो गई। वह मूंग और बाजरे की फसल को पानी देने के लिए कुएं पर लगी मोटर चालू करने गया था। स्टार्टर चालू करते समय अचानक तेज करंट लगने से वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत
डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक मगन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी बहन बबिता, चार वर्षीय भांजा अविनाश और युवती रेणुका गंभीर घायल हो गए। चारों लोग शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी सामने से आई बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। घायलों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मगन को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से परिवार में मातम छा गया है।