12 विभागों के मानकों की दो दिन हुई जांच, राष्ट्रीय प्रमाणन मिलने पर तीन वर्ष तक मिलेगा पुरस्कार
उदयपुर, 19 सितम्बर: राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (एनक्यूएएस) के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माछला मगरा का राष्ट्रीय निरीक्षक टीम ने 18 एवं 19 सितम्बर को निरीक्षण किया। भारत सरकार की ओर से डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. प्रवेश यादव की टीम ने दो दिनों तक निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र के 12 विभागों के विभिन्न मानकों की जांच की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि राज्य स्तर पर गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में प्रमाणित होने के बाद शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माछला मगरा के राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणीकरण के लिए भारत सरकार को आवेदन किया गया था। इसी के तहत राष्ट्रीय टीम ने निरीक्षण किया।
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि माछला मगरा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहले भी एनक्यूएएस प्रमाणित हो चुका है। तीन वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद पुन: प्रमाणन के लिए आवेदन किया गया है। टीम ने केंद्र में साफ-सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, नि:शुल्क जांच, नि:शुल्क दवा वितरण, उपकरणों की उपलब्धता और मानव संसाधन सहित विभिन्न मानकों का निरीक्षण किया।
चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. प्रेरणा भार्गव ने टीम को सभी निर्धारित मानकों की जानकारी रिकॉर्ड सहित उपलब्ध कराई। केंद्र के कर्मचारियों ने टीम द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए तथा चेकलिस्ट के अनुसार आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत किए।
निरीक्षण के दौरान जिला स्तर से यूपीएम वैभव सरोहा, डॉ. पीयूष व्यास, गणेश चौधरी एवं सुनील शर्मा तथा शहरी ब्लॉक टीम से भूपेश रावल एवं आशीष प्रजापत मौजूद रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन मिलने पर संस्थान को प्रमाण पत्र के साथ पुरस्कार स्वरूप दो लाख रुपए प्रतिवर्ष तीन वर्ष तक दिए जाएंगे।