भगवान बुद्ध के मध्यम मार्ग और चार आर्य सत्यों का बताया महत्व
उदयपुर, 12 नवम्बर: नारायण सेवा संस्थान में अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कथा में भगवान बुद्ध के जीवन और शिक्षाओं का वर्णन किया गया। अग्रवाल ने कहा कि जीवन में संतुलन ही सुख और शांति का आधार है। जीवन के तार न अधिक कसने चाहिए और न इतने ढीले छोड़ने चाहिए कि उनकी मधुरता खो जाए। उन्होंने बुद्ध के मध्यम मार्ग, चार आर्य सत्य और अष्टांगिक मार्ग की व्याख्या करते हुए सम्यक दृष्टि, संकल्प, वाणी, कर्म और आजीविका सहित आठ सिद्धांतों को अपनाने का संदेश दिया। यश नामक धनवान युवक के प्रसंग से वास्तविक सुख को भौतिक वैभव के बजाय आत्मबोध और लोककल्याण में बताया। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
डूंगरपुर में 21 नवंबर को निकलेगी शालिग्रामजी की भव्य बारात
श्रीनाथ मंदिर में होगा तुलसी विवाहोत्सव, सभापति सुशीला गुप्ता का परिवार बनेगा वधू पक्ष का यजमान
डूंगरपुर, 12 नवम्बर: डूंगरपुर स्थापना दिवस पर 21 नवंबर को सनातन धर्म समिति की ओर से भव्य तुलसी-शालिग्राम विवाहोत्सव आयोजित होगा। ऐतिहासिक श्रीनाथ मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न होगा। वधू पक्ष के यजमान स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर के.के. गुप्ता, उनकी पत्नी सभापति सुशीला गुप्ता और परिवार होंगे। वर पक्ष के यजमान दक्ष सुरेंद्र शर्मा परिवार रहेंगे। शाम 5 बजे मुरलीधरजी मंदिर से शालिग्रामजी का वरघोड़ा निकलेगा। इसमें अश्वारूढ़ श्रद्धालु, बैंड, सजी-धजी बग्गियां, ऊंटगाड़ी पर रेवाड़ी और राधा-कृष्ण की झांकी आकर्षण रहेंगी। गैपसागर की पाल पर आतिशबाजी भी होगी। समिति ने पूर्व राजपरिवार सदस्यों को भी आमंत्रित किया है।
गंभीर दिव्यांगजनों के लिए विशेष नीति बनाने के सुझावों पर पीएमओ का संज्ञान
राजस्थान दिव्यांग कल्याण संघ ने संभागीय आयुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री का जताया आभार
उदयपुर, 12 नवम्बर: देश के गंभीर दिव्यांगजनों के लिए विशेष नीतिगत प्रावधानों की मांग पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने राजस्थान दिव्यांग कल्याण संघ के सुझावों को भविष्य के नीतिगत निर्णयों के लिए दर्ज किया है। संघ अध्यक्ष संजय कुमार पानेरी ने बताया कि 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र भेजकर नियुक्ति, पदोन्नति और सुविधाओं में गंभीर दिव्यांगजनों के लिए अलग नीति बनाने की मांग की गई थी। संघ के अनुसार देश में ऐसे दिव्यांगजनों की संख्या करीब 45 लाख है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 23 अक्टूबर को सुझावों को भविष्य के निर्णयों के लिए नोट करने की जानकारी दी। इस पर संघ ने संभागीय आयुक्त खजान सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम आभार ज्ञापन सौंपा।
राजस्थानी रंग और सुरों की मस्ती से सजेगा ‘सुरीला उदयपुर’ का दीपावली मिलन
15 नवंबर को होगा आयोजन, 40 से 50 सदस्य गीत-संगीत प्रस्तुतियों में लेंगे भाग
उदयपुर, 12 नवम्बर: सुरीला उदयपुर संगीत समूह की ओर से 15 नवंबर को दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। संयोजिका मधु केवल्या ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 40 से 50 सुर साधक सदस्य शामिल होंगे। समारोह में गीत-संगीत की प्रस्तुतियों के साथ आपसी मेल-मिलाप और मनोरंजन होगा। आयोजन की रूपरेखा हितेन केवल्या एवं कैलाश केवल्या ने तैयार की है। कार्यक्रम में राजस्थानी वेशभूषा को विशेष महत्व दिया जाएगा। दीपावली के उपलक्ष्य में सदस्यों के लिए बम्पर गिफ्ट और आकर्षक उपहार भी रखे गए हैं। समूह का उद्देश्य संगीत के माध्यम से आपसी सौहार्द, मित्रता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।
बोहरा यूथ गर्ल्स विंग का बिजनेस कम फन फेयर कल
17 से अधिक स्टॉल्स पर मिलेंगे खानपान, ज्वेलरी, बुटीक और घरेलू सामान; प्रवेश रहेगा निशुल्क
उदयपुर, 12 नवम्बर: बोहरा यूथ संस्थान की महिला इकाई बोहरा यूथ गर्ल्स विंग की ओर से 13 नवंबर को बोहरवाड़ी स्थित जमाअत खाना में बिजनेस कम फन फेयर-2026 आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष सकीना दाऊद ने बताया कि मेले का उद्घाटन दोपहर 2:30 बजे समाज की वरिष्ठ महिलाएं सकीना बाई ओगणावाला और आमिना बाई ओड़ावाला करेंगी। मुख्य अतिथि प्रोफेसर सरवत खान और विशिष्ट अतिथि डोली मोगरा होंगी। मेले में 17 से अधिक स्टॉल्स पर खानपान, बुटीक, ज्वेलरी, पर्स, बैग, घरेलू सामान और परफ्यूम उपलब्ध रहेंगे। सामूहिक हाउजी सहित मनोरंजक खेल भी होंगे। आयोजन दोपहर 2 से रात 10 बजे तक चलेगा। प्रवेश निशुल्क रहेगा।