दीपावली पर सैलानियों से गुलजार हुई झीलों की नगरी, एक महीने में 2.75 लाख पर्यटक पहुंचे

Share

गुजरात-महाराष्ट्र सहित देशभर से उमड़ रहे पर्यटक, होटल-रिसॉर्ट में बुकिंग 90 प्रतिशत पार; सितंबर में पिछले साल से 10.1 प्रतिशत अधिक पर्यटक आए
उदयपुर, 11 नवम्बर:
झीलों की नगरी उदयपुर में दीपावली की छुट्टियों के दौरान पर्यटन का उत्साह चरम पर है। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हैं और होटल-रिसॉर्ट में बुकिंग 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई है। गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों से परिवारों के साथ पर्यटक मेवाड़ पहुंच रहे हैं। दीपावली की रोशनी, झीलों का आकर्षण और आसपास के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों को छुट्टियां बिताने के लिए आकर्षित कर रहे हैं।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से सितंबर 2026 तक उदयपुर में कुल 14 लाख 69 हजार 750 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया। इनमें 13 लाख 73 हजार घरेलू और 96 हजार 750 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। सितंबर में 1 लाख 78 हजार 997 पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले साल इसी महीने में 1 लाख 62 हजार 522 पर्यटक आए थे। इस तरह सितंबर में पर्यटकों की संख्या में 16 हजार 475 यानी करीब 10.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से घरेलू पर्यटकों के कारण रही, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या में मामूली कमी आई।
दीपावली की छुट्टियों में पिछोला झील, फतहसागर, दूधतलाई, करणी माता रोप-वे, सिटी पैलेस और सहेलियों की बाड़ी में दिनभर पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। शाम को झीलों के किनारे और प्रमुख पर्यटन मार्गों पर भीड़ बढ़ रही है। पिछोला झील में बोटिंग पर्यटकों के पसंदीदा आकर्षणों में शामिल है। यहां नौकायन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। बोट संचालन कंपनी के मैनेजर योगेंद्र सिंह बघेल के अनुसार दोपहर 12 बजे के बाद पर्यटकों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो रही है। कई बार भीड़ के कारण पर्यटकों को बिना बोटिंग किए लौटना पड़ता है। पीक सीजन को देखते हुए शाम के समय बोटिंग की अवधि डेढ़ घंटे बढ़ाने की मांग भी उठी है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिख रहा है। पिछोला, दूधतलाई, सिटी पैलेस और फतहसागर की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बन रही है। गुजरात-राजस्थान मार्ग पर ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है, जबकि निजी बसों के किरायों में तेजी देखी जा रही है।

होटल बुकिंग 90 प्रतिशत पार, रिसॉर्ट में भी अच्छी आवक

उदयपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के अनुसार दीपावली से पहले होटलों में करीब 50 प्रतिशत एडवांस बुकिंग थी, जो अब बढ़कर 90 प्रतिशत से अधिक हो गई है। शहर के आसपास स्थित रिसॉर्ट में भी पर्यटकों की अच्छी आवक बनी हुई है। दीपावली से लाभ पंचमी तक गुजरात में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अवकाश रहने के कारण वहां से बड़ी संख्या में परिवार तीन से पांच दिन की यात्रा पर मेवाड़ पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक ऋषभदेव स्थित केसरियाजी मंदिर में दर्शन के साथ यात्रा शुरू कर रहे हैं। इसके बाद उदयपुर, नाथद्वारा, कुंभलगढ़ और रणकपुर जैसे पर्यटन व धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और दिल्ली से भी पर्यटकों की अच्छी आवक हो रही है। विदेशी पर्यटक भी दीपावली की रोशनी, राजस्थानी संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का अनुभव लेने पहुंच रहे हैं।

जनवरी से सितंबर 2026 तक पर्यटन की तस्वीर
महीना भारतीय पर्यटक विदेशी पर्यटक कुल पर्यटक
जनवरी 2,25,000 19,558 2,44,558
फरवरी 1,56,000 24,957 1,80,957
मार्च 1,55,000 18,810 1,73,810
अप्रैल 97,800 7,854 1,05,654
मई 1,06,750 2,597 1,09,347
जून 1,41,000 2,539 1,43,539
जुलाई 1,45,000 5,446 1,50,446
अगस्त 1,75,900 7,542 1,83,442
सितंबर 1,71,550 7,447 1,78,997
कुल 13,73,000 96,750 14,69,750