गेट पर पुलिस तैनात, मौके पर समझाइश, अब शहर भर में लागू करने की तैयारी
उदयपुर, 25 मार्च: शहर में यातायात नियमों को लेकर सख्ती शुरू हो गई है। अमृता दुहन के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
बुधवार से लागू इस व्यवस्था के तहत कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। आने-जाने वाले वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। नियमों की अनदेखी करने वालों को प्रवेश नहीं दिया गया।
एसपी दुहन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना है। शुरुआत कलेक्ट्रेट से की गई है, ताकि सरकारी कर्मचारी और आमजन जागरूक हों। आने वाले दिनों में इस व्यवस्था को पूरे शहर में लागू किया जाएगा, साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।