सोते समय किया हमला, मौके पर मौत
उदयपुर, 25 मार्च: उदयपुर के बलीचा गांव के 25 वर्षीय युवक की गुजरात के अहमदाबाद में सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, क्योंकि युवक की दो माह बाद शादी तय थी।
मृतक हितेष पुत्र रमणलाल मेघवाल अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। देर रात हमलावरों ने पेट में कई गहरे वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास में सो रही बहन की चीख सुनकर परिजन पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे।
परिजन बोले- गिरफ्तारी तक नहीं उठाएंगे शव
घटना के बाद परिजन और समाज के लोग सिविल अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे।
20 साल से अहमदाबाद में रह रहा था परिवार
परिवार पिछले दो दशक से अहमदाबाद में रहकर फर्नीचर का काम करता था। हितेष परिवार का बड़ा बेटा था। घटना के बाद समाज के कई संगठनों ने भी आक्रोश जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।