घुमन्तु परिवारों को बिलिया में लॉटरी से मिलेंगे पक्के मकान

Share

यूडीए की साधारण बैठक में फैसला, आईएचएसडीपी योजना के तहत खाली आवास होंगे आवंटित; मरम्मत पर 2.90 करोड़ खर्च होंगे
उदयपुर, 24 जुलाई:
उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु जातियों के आवासहीन परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शुक्रवार को यूडीए अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में हुई साधारण बैठक में तय किया गया कि पात्र परिवारों को राजस्व ग्राम बिलिया में आईएचएसडीपी योजना के तहत निर्मित रिक्त आवासों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना भी मौजूद रहे।
यूडीए सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों की अनुपालना में प्राधिकरण क्षेत्र के घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु परिवारों का सर्वे कराया गया है। ऐसे परिवार, जो वर्तमान में झोपड़ियों, कच्चे या अर्द्ध-कच्चे मकानों, टीनशेड, किराये के मकानों अथवा सरकारी भूमि पर रह रहे हैं, उन्हें पहले चरण में बिलिया स्थित आवास योजना का लाभ दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बिलिया स्थित आवास परिसर में आंगनबाड़ी भवन, गार्डन और सभा भवन की मरम्मत कर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। आवासों के मरम्मत कार्य के लिए 2 करोड़ 90 लाख 86 हजार 257 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है तथा टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।