सीए के लिए कुछ भी असंभव नहीं, सिविल सेवा देशसेवा का सशक्त माध्यम: नमित मेहता

Share

आईसीएआई के मार्गदर्शन कार्यक्रम में सार्वजनिक सेवा के लिए युवाओं को किया प्रेरित
उदयपुर, 19 अप्रैल:
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की सार्वजनिक सेवा में सदस्यों की समिति द्वारा उदयपुर में “सार्वजनिक सेवा हेतु इच्छुक सीए सदस्यों के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम” आयोजित किया गया। “सार्वजनिक सेवा में चार्टर्ड मस्तिष्क: नई पीढ़ी को प्रेरित करना” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सिविल सेवा और सार्वजनिक क्षेत्र में करियर के अवसरों के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। उदयपुर शाखा अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम युवाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का नेतृत्व सार्वजनिक सेवा में सदस्यों की समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय परिषद सदस्य सीए (डॉ.) रोहित रुवाटिया ने किया। इस दौरान केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अर्पित काबरा और सीए दुर्गेश काबरा भी उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता आबकारी आयुक्त नमित मेहता, एक्साइज कमिश्नर, राजस्थान ने कहा कि “सिविल सेवा केवल करियर नहीं, बल्कि देश सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो तो सीए के लिए कुछ भी असंभव नहीं।” उन्होंने युवाओं को सार्वजनिक सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सीए अक्षय काबरा (आईआरएस), सीए तुषार सरस्वत (आईआरटीएस), सीए प्रवेश शर्मा और सीए कपिल गोयल ने भी अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने सिविल सेवाओं में उपलब्ध अवसर, कार्य प्रणाली, चयन प्रक्रिया, समय प्रबंधन, विषय चयन और अनुशासित तैयारी की रणनीतियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
यह कार्यक्रम रैडिसन ब्लू पैलेस रिसॉर्ट, उदयपुर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नए सीए सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सीए कपिल जोशी, सीए धर्मेंद्र कोठारी, सीए राहुल माहेश्वरी, सीए मयंक राठी, सीए डी.एस. मेहता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सीए अरुणा गेलडा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। यह कार्यक्रम युवा सीए सदस्यों के लिए प्रेरणा, जागरूकता और मार्गदर्शन का प्रभावी मंच साबित हुआ।