उदयपुर, 30 मार्च: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की काउंसिल ऑफ डीन्स (सीओडी) की अहम बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए अब यूनिवर्सिटी के गोल्डन जुबली गेस्ट हाउस को आम लोगों के लिए सरकारी दरों पर उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से यूनिवर्सिटी की आय बढ़ने के साथ आम लोगों को सस्ती और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत ने की, जिसमें प्रशासन, वित्त, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। यूनिवर्सिटी के एस्टेट ऑफिस को मजबूत बनाने के लिए सिविल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर और तकनीकी स्टाफ की भर्ती को स्वीकृति दी गई।
एग्जाम और रिजल्ट समय पर होंगे
प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य के अनुसार, परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अब सभी परीक्षाएं तय समय पर आयोजित होंगी और परिणाम भी समय पर घोषित किए जाएंगे। प्रश्नपत्रों में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई होगी। कैंपस के सीसीटीवी कैमरों को अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ने का निर्णय लिया गया। साथ ही एग्जाम कार्यों के लिए दो नई बोलेरो गाड़ियां खरीदी जाएंगी। रिसर्च स्कॉलर्स को अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखने और एमएससी माइक्रोबायोलॉजी में सामान्य फीस सीटें शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।