आयोजन : हास्य योग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमावत ने लोगों को हंसाया, नचाया और दिया स्वास्थ्य का संदेश
उदयपुर, 3 मई: विश्व हास्य योग दिवस के अवसर पर उदयपुर की प्रसिद्ध सहेलियों की बाड़ी रविवार सुबह हंसी, संगीत और उत्साह से सराबोर हो उठी। हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हास्य योग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमावत ने अपने अनूठे अंदाज से सभी को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत “लाफिंग बुद्धा चालीसा” से हुई, जिसके बाद विभिन्न प्रकार के हास्य योग जैसे हनीबी लाफ्टर, ट्रम्प लाफ्टर, मोटरसाइकिल लाफ्टर आदि प्रस्तुत किए गए। हर कुछ समय बाद मेवाड़ी गीतों पर सामूहिक नृत्य ने माहौल को और जीवंत बना दिया।
करीब सवा घंटे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक फूलसिंह मीणा भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी हास्य योग में भाग लिया।
स्वास्थ्य और सकारात्मकता का संदेश
डॉ. कुमावत ने कहा कि हास्य योग तनावपूर्ण जीवन में मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पूरा आयोजन हंसी, ऊर्जा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया, जिसने शहरवासियों को तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया।