परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा, पुलिस ने शुरू की जांच
उदयपुर, 16 अगस्त: आरएनटी मेडिकल कॉलेज के बाल चिकित्सालय में शनिवार देर रात एक वर्षीय बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद मामला शांत कराया। परिजनों ने थाने में शिकायत भी दी है।
आलू फैक्ट्री निवासी दिनेश सालवी ने बताया कि उनकी एक वर्षीय बेटी आराध्या को 11 अगस्त को बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उसके सिर में गांठ थी, जिसका ऑपरेशन अगले दिन किया गया। ऑपरेशन के बाद बच्ची को आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार सुबह बच्ची हंस-बोल रही थी, लेकिन बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने आईसीयू स्टाफ को कई बार इसकी जानकारी दी, लेकिन उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बच्ची से मिलने के लिए आईसीयू में जाने नहीं दिया गया।
वहीं डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची को बचाने के लिए पूरी कोशिश की गई और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।