निगम चुनाव में इंडिया ब्लॉक संयुक्त मोर्चे के रूप में लड़ेगा चुनाव

Share

वाम दलों की बैठक में फैसला, बस्तियों में पट्टे नहीं मिलने का मुद्दा उठाया
उदयपुर, 16 अगस्त:
उदयपुर नगर निगम के आगामी चुनाव को लेकर वाम दलों की समन्वय समिति की बैठक माछला मगरा स्थित माकपा कार्यालय में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से इंडिया ब्लॉक के धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और जनपक्षधर दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया गया। नेताओं ने इसे महज चुनावी समझौता नहीं, बल्कि संयुक्त जनमोर्चा बनाने की दिशा में कदम बताया।
बैठक की अध्यक्षता माकपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह देवड़ा ने की। माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि उदयपुर नगर निगम पर लंबे समय से भाजपा का कब्जा रहा है, लेकिन शहर के नागरिकों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अव्यवस्थित शहरीकरण और जनसुविधाओं की उपेक्षा के आरोप लगाए। भाकपा माले के राज्य सचिव शंकरलाल चौधरी ने कहा कि स्मार्ट सिटी और विकास परियोजनाओं से छोटे दुकानदारों, ठेला-फेरी वालों और गरीब परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है।
उन्होंने झुग्गी-बस्तियों में वर्षों से रह रहे परिवारों को पट्टे नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। भाकपा जिला सचिव हिम्मत चांगवाल ने सभी दलों को मजबूत संयुक्त मोर्चे के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की बात कही।