घर-घर पहुंचने लगी हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा

Share

17 जून की राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के लिए मेवाड़-वागड़ में जनसंपर्क अभियान तेज
उदयपुर, 10 जून:
हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेवाड़-वागड़ क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर हल्दीघाटी युद्ध की गौरवगाथा सुनाई जा रही है और 17 जून को उदयपुर में होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के लिए आमंत्रण दिए जा रहे हैं।
गांव-गांव पहुंच रहे पत्रक, गूंज रहे जयघोष
प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि कार्यकर्ता हल्दीघाटी विजय की ऐतिहासिक जानकारी वाले पत्रक वितरित कर रहे हैं। बुधवार को उदयपुर शहर सहित संभाग के अनेक गांवों और कस्बों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान ‘राणा की जय-जय, शिवा की जय-जय’ के जयघोष भी गूंजे। बेदला क्षेत्र के समता नगर में भी कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों को सभा में आने का निमंत्रण दिया।
17 जून को मोहन भागवत करेंगे संबोधित
महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में 17 जून को सुबह 9.30 बजे आयोजित राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।
हल्दीघाटी विधानसभा नाम की मांग
क्षेत्र के ग्रामीणों ने नए परिसीमन में संबंधित विधानसभा का नाम ‘हल्दीघाटी विधानसभा’ रखने की मांग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी है।
हल्दीघाटी की माटी पहुंची देशभर में
सक्सेना ने बताया कि प्रताप गौरव केन्द्र के प्रयासों से हल्दीघाटी की पवित्र माटी नागपुर में संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग में देशभर से आए 1100 से अधिक शिक्षार्थियों और पदाधिकारियों तक पहुंचाई गई।