3 लाख 40 हजार लीटर से अधिक वॉश नष्ट, 407 गिरफ्तार

Share

विशेष निरोधात्मक अभियान में 1004 अभियोग दर्ज, 31 वाहन जब्त
उदयपुर, 27 सितंबर:
प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 23 सितंबर तक 1004 अभियोग दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 3 लाख 40 हजार 31 लीटर वॉश नष्ट किया गया, जबकि अवैध मदिरा से जुड़े 407 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के तहत देशी मदिरा 2723 लीटर, जिसकी लागत 7 लाख 46 हजार 215 रुपए, भारत निर्मित विदेशी मदिरा 10,512 लीटर, जिसकी लागत 1 करोड़ 4 लाख 67 हजार 540 रुपए, बीयर 1268 लीटर, जिसकी लागत 2 लाख 87 हजार 144 रुपए, हथकड़ शराब 8463 लीटर और 350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई।
कार्रवाई में एक बड़ा वाहन, 10 चारपहिया और 20 दुपहिया वाहन सहित 31 वाहन जब्त किए गए। जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नाकाबंदी के दौरान हरियाणा की शराब बरामद की गई। भीलवाड़ा में 600 लीटर वॉश और अवैध शराब की भट्टियां नष्ट की गईं। बीकानेर, गंगापुर, कोटा और हनुमानगढ़ में भी कार्रवाई हुई। विभाग के अनुसार सभी जिलों में गश्त, नाकाबंदी और दबिश जारी है।