वीर चक्र विजेता, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हस्तियों, आरएएस अधिकारियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान
उदयपुर, 10 अगस्त: पालीवाल ब्राह्मण महासभा मेवाड़ उदयपुर मंडल की ओर से 9 अगस्त को राष्ट्रीय तीर्थ प्रताप गौरव केंद्र में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मेनारिया, नागदा एवं पालीवाल समाज की शिक्षा, कला, रक्षा, खेल, संस्कृति, अभिनय, उद्योग, समाजसेवा, राजकीय सेवा, चिकित्सा, ज्योतिष, पत्रकारिता व सिनेमा सहित विभिन्न क्षेत्रों की 306 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
समारोह में वीर चक्र विजेता कर्नल जीएल पानेरी, चित्रकार तुलसीराम पालीवाल, राष्ट्रीय सम्मानित संदीप पालीवाल व दिनेश उपाध्याय, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच कैलाश पालीवाल, अभिनेता-फिल्म निर्माता देव मेनारिया, जयश्री नागदा, भावना पालीवाल देवगढ़, खुशबू पालीवाल, डॉ. जयंत शर्मा, तहसीलदार निर्मला मेनारिया सहित प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न, पगड़ी, उपरणा व शॉल से सम्मानित किया गया। 10वीं-12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों सहित सीए, सीएस, इंजीनियरिंग, पीएचडी व विधि क्षेत्र की प्रतिभाएं भी सम्मानित हुईं।
डॉ. भंवर हीरावत ने युवाओं से महासभा से जुड़ने का आह्वान किया। डॉ. केशुलाल पालीवाल ने नवंबर में राजसमंद में सामूहिक विवाह की जानकारी दी। शिक्षाविद डॉ. एचआर दवे ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन दिया, जबकि देव मेनारिया ने देवी अहिल्याबाई पर आगामी फिल्म की जानकारी दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी, डॉ. उमाशंकर शर्मा, दुर्गाशंकर पालीवाल, महेश जोशी सहित पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन राजेश पालीवाल ने किया।