पशुओं को लेने घर के पीछे गया था रोहित, चीख सुनकर परिजन दौड़े तो जंगल की ओर भागा पैंथर
बांसवाड़ा, 29 सितंबर: घाटोल थाना क्षेत्र के टीबूड़ी गांव (नेगरैड़) में सोमवार शाम घर के पीछे पशुओं को लेने गए 11 वर्षीय बालक पर पैंथर ने अचानक हमला कर दिया। पैंथर ने बालक को गर्दन से दबोच लिया। बालक की चीख सुनकर परिजन मौके पर दौड़े तो उन्हें देखकर पैंथर बालक को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजन घायल बालक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के वन क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार टीबूड़ी निवासी रोहित (11) पुत्र विमल प्रसाद डामोर कक्षा में पढ़ता था। सोमवार शाम करीब 5:30 से 6:30 बजे के बीच वह रोजाना की तरह घर के पीछे जंगल में गए पशुओं को वापस लेने के लिए गया था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे पैंथर ने अचानक उस पर छलांग लगा दी और गर्दन से दबोच लिया। रोहित ने बचने के लिए चीख-पुकार की। आवाज सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजनों को अपनी ओर आता देख पैंथर रोहित को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
परिजन तत्काल रोहित को घाटोल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेनावासा चौकी प्रभारी केसर सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया। रोहित का शव एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में पैंथर की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है।